जयपुर (एजेंसी)। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज की शुरुआत से पहले रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ ने मीडिया से बातचीत की। रोहित के कप्तान बनने के बाद यह पहला मौका था, जब कप्तान और कोच साथ में मीडिया से बात करने आए। इस दौरान रोहित ने कहा कि विराट कोहली का रोल पहले की तरह ही रहेगा। भविष्य में उनके आने से टीम और मजबूत होगी।
टीम से अब तक हुई बातचीत को लेकर राहुल द्रविड़ ने कहा कि टीम इंडिया विश्व कप में व्यस्त थी, इसलिए कम बातचीत हुई। मैं उन्हें परेशान नहीं करना चाहता था। ऑलराउंडर के सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा कि टीम सिर्फ एक या दो खिलाडिय़ों पर फोकस नहीं कर रही है। हमें एक सफल टीम बनने में जो मदद करेगा, हम उस पर ध्यान दे रहे हैं।
टीम इंडिया को लेकर विजन पर द्रविड़ ने कहा- हमारी कोई प्राथमिकता नहीं है। हमारे लिए तीनों फॉर्मेट महत्वपूर्ण हैं। हमें यह भी ध्यान रखना है कि आगे कई आईसीसी टूर्नामेंट्स हैं। हमें इसको ध्यान में रखकर तैयारी करनी है। मेरा विजन यही है कि हमें ओवरऑल खुद को बेहतर करना है। इसके लिए सभी फॉर्मेट पर ध्यान देंगे।
खिलाडिय़ों के वर्कलोड पर द्रविड़ ने कहा कि वर्कफ्लो मैनेजमेंट जरूरी हिस्सा है। हमें वर्कलोड मैनेज करना ही होगा। फुटबॉल खिलाडिय़ों को भी वर्कलोड मैनेजमेंट की जरूरत पड़ती है। हमें टीम को बैलेंस कर चलना पड़ेगा। साथ ही बड़े टूर्नामेंट्स का भी ध्यान रखना होगा वहीं रोहित ने कहा- कुछ टाइम ऑफ लेना जरूरी है। खिलाड़ी काफी समय से खेल रहे हैं, तो आराम करना जरूरी है।
रोहित ने कहा कि हम अपने खिलाडिय़ों को निडर होकर खेलना कहेंगे। उन्होंने कहा- टी-20 फॉर्मेट में यह बहुत जरूरी है कि खिलाड़ी को किसी बात का डर न हो। वह मैदान पर जाएं और निडर होकर खेलें। अगर यह सफल साबित होता है तो कोई दिक्कत नहीं है। इसमें मेरा और कोच का रोल महत्वपूर्ण है क्योंकि हम चाहते हैं कि उन्हें हम पर भरोसा हो। हमें उन्हें यह बताने की जरूरत है कि वह इस टीम में सुरक्षित हैं।




