रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बाउंसर ने पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचकर अपनी सालियों को गोली मार दी। इस घटना में एक साली की मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। बाउंसर अपनी पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा था और इस दौरान वहां भी विवाद हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाउंसर ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। घटना मोवा थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) राजधानी में बाउंसर के रूप में काम करता है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी पर शक करता था और आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहता था। मंगलवार रात को काम से लौटा और शराक के नशे भी था। इस दौरान फिर अपनी पत्नी से विवाद करने लगा। इसके बाद उसकी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा बच्चे को लेकर मायके चली गई। इसके बाद रात लगभग 9:30 बजे वह अपने ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।
इस दौरान उसकी सालियां गीतांजलि वर्मा और दुर्गेश्वरी वर्मा बाहर आईं और उसे समझाकर वापस जाने को कहा। सालियों के इस तरह से समझाने पर बाउंसर जीतेन्द्र वर्मा बौखला गया और पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई और तड़पती रही। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी का इलाज जारी है। घटना के बाद बाउंसर बाहर निकला और सड़क हवाई फायरिंग की और थाने पहुंचकर सरेंडर किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




