जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शिक्षक के घर पर लूट का मामला सामने आया है। शुक्रवार को आधीरात नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और चाकू से हमला कर सोने चांदी के जेवर लूट ले गए। हमले में शिक्षक को चोट पहुंची है। घटना की सूचना के बाद शनिवार की सुबह पुलिस घटना स्थल पहुंची। फिलहाल पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर की रात करीबन 12 से 12.30 बजे के बीच की यह घटन बताई जा रही है। पत्थलगांव के फुलैता चौक के करमीटीकरा में निवासी शिक्षक गुलाब सिंह जगत के मकान में चोरी की घटना हुई। मकान के पीछे के दरवाजे को तोड़कर तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसे। घटना के वक्त घर में शिक्षक, उनकी पत्नी व दो बच्चे मौजूद थे। विरोध करने पर नकाब पोश बदमाशों द्वारा उन पर चाकू से हमला कर मंगलसूत्र ,सोने की टॉप्स तथा मोबाइल फोन लूटकर ले गए।
चाकू के हमले से शिक्षक व उनके परिजनों को मामूली चोट लगी है। शिक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस के द्वारा मामले एफ आई दर्ज कर जांच विवेचना में लिया गया है। जशपुर पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और प्राथमिक जांच में मामले में तीन नकाबपोश आरोपियों की संलिप्तता उजागर हुई है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की डॉग स्कॉड व साइबर सेल की टीम की मदद भी ली जा रही है।




