भिलाई। दुर्ग शहर के व्यस्ततम सराफा बाजार में एक महिला ने ज्वेलरी शॉप के संचालक को करीब दो लाख रुपए का चूना लगाया। महिला ने नकली सोने की चेन ज्वेलर्स को दी और असली सोने की अंगूठी और चूड़ियां ले गई। यही नहीं ज्वेलरी संचालय ने पुरानी चेन बदले शेष रकम भी महिला को दी। महिला के जाने के बाद ज्वेलर्स ने चेन को गलाया तो पता चला कि वह नकली है। इसके बाद संचालक ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार सराफा कारोबारी सुभाष संचेती (57) नेइस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार 18 जुलाई की शाम को एक महिल उनकी शॉप में आई। उसने सोने की एक अंगूठी और चूड़ी पसंद की। इसके बाद उसने एक पुरानी चेन दी और उसका वजन कर एउजस्ट करने कहा। महिला ने ज्वेलरी संचालक को विश्वास दिलाने के लिए अपना आधार कार्ड भी दिखाया। आधार कार्ड में महिला का नाम रीमा देवी पति गोलू पंडित निवासी दिगंबर जैन धर्मशाला के सामने चांदनी चौक नई दिल्ली लिखा हुआ था। महिला ने यह भी बताया कि हाल फिलहाल वह दुर्ग के सुभाष नगर रहती है। महिला ने आधार कार्ड की फोटोकॉपी हस्ताक्षर करके दिया था। इसके बाद ज्वेलर्स को महिला पर पूरी तरह से विश्वास हो गया।
सुभाष संचेती ने बताया कि महिला देखने में अच्छे घर की लग रही थी इसलिए सोने की जांच किए बिना ही वजन कर दिया। वजन करने पर पुरानी चेन की कीमत 2 लाख 18 हजार रुपए निकली। उसने महिला को बताया कि अंगूठी और चूड़ी 2 लाख 15 हजार रुपए की है। इसके बाद उन्होंने अंगूठी और चूड़ियों के साथ 3 हजार कैश दे दिया। महिला अभूषण और कैश लेकर चली गई। दुकान से जाने के बाद सुभाष संचेती ने चेन गलाकर देखा तो वह नकली निकला। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने धारा 318(4)-BNS, 336(3)-BNS, 337-BNS, 339-BNS के तहत अपराध दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि सीसी टीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले का खुलासा नहीं किया है।




