भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत कुरूद इलाके में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। कुछ दिनों से अवैध प्लाटिंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी जिसको देखते हुए निगम आयुक्त रोहित व्यास ने अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। इसी कड़ी में आज अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध कार्रवई करने निगम प्रशासन का अमला कुरुद क्षेत्र पहुंचा था।

5 अलग-अलग स्पॉट पर लगभग 25 एकड़ के क्षेत्रफल पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। तहसीलदार क्षमा यदु व पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध प्लॉटिंग को बंद कराया गया। निगम की टीम ने क्षेत्र में पांच अलग अलग जगहों पर कार्रवाई की। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कोई भी मौके पर मौजूद नहीं था। तहसीलदार सोमवार को खसरा नंबर सहित इसकी रिपोर्ट भिलाई निगम को देगी। इस आधार पर अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज करवाया जायेगा।
कब्जाधारियों ने प्लॉट पर मुरूम से जमीन को समतल करने का काम किया जा रहा था। जाने के लिए मार्ग संरचना भी बना दी गई थी। आरसीसी पोल आदि के माध्यम से अवैध प्लाटिंग की संपूर्ण तैयारियां की जा रही थी। खेती की जमीन को अलग-अलग हिस्सों में विभाजित कर प्लाटिंग की तैयारी की जा रही थी। चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज जाने के रास्ते पर अवैध प्लाटिंग को अंजाम देने पुख्ता इंतजाम किए जा रहे थे। यहां टाउन एंड कंट्री प्लानिंग व निगम से भी किसी भी प्रकार की परमिशन नहीं ली गई।
निगम को अवैध प्लाटिंग की जानकारी मिलने पर आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की गई। मौके पर दो जेसीबी और चार डंपर की मदद से दोपहर बाद तक 12 ट्रिप मुरूम की जब्त किया गया। अवैध प्लाटिंग न हो इसके लिए जेसीबी के माध्यम से मार्ग संरचना में जगह-जगह गड्ढे किए गए। टीम द्वारा निगम अधिनियम 1956 की धारा 292 के तहत कार्यवाही की गई। आज की कार्यवाही में भवन अनुज्ञा विभाग के उप अभियंता सिद्धार्थ साहू, सहायक राजस्व अधिकारी जगदीश तिवारी आदि मौजूद रहे।




