कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में खौफनाक हत्याकांड का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर जंगल में उसकी लाश को दफना दिया। घटना करीब दो सप्ताह पुरानी है जिसमें पुलिस को अब सफलता मिली। दरअसल आरोपी पति बार बार पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन उसका झूठ ज्यादा टिक नहीं पाया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को जंगल से बरामद किया और पीएम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दुधावा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सरोना निवासी सुनीता नेताम की शादी जामगांव निवासी मनरखन नेताम से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी वजह से सुनीता लगभग एक साल से अपने मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि 30 जुलाई को मनरखन अपनी पत्नी के मायके सरोना पहुंचा और अपने ससुराल वालों के साथ ही अपनी पत्नी से मांफी मांगी।
इसके बाद ससुराल वालों ने सुनीता को मनरखन के साथ भेज दिया। 31 जुलाई को दोनों जामगांव के लिए रवाना हुए थे। लेकिन रास्ते में मनरखन ने सुनीता की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगल में दफना दिया। इसके बाद जब परिजनों को पता चला कि सुनीता जामगांव नहीं पहुंची तो उसके पति से पूछताछ की। पूछताछ में वह लगातार ससुराल वालों को गुमराह करता रहा।
इस मामले में सुनीता के परिजनों ने 10 अगस्त को दुधुवा चौकी में इसकी शिकायत की। पुलिस ने शक के आधार पर पति से पूछताछ शुरू की। पुलिस को भी मनरखन ने गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की सख्ती के सामने वह टूट गया। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या की बात मानी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पत्नी की हत्या के आरोप में पति को जेल भेज दिया गया है।





