श्रीकंचनपथ डेस्क। गौतम अडानी की नेटवर्थ में लगातार गिरावट आ रही है। एक साल पहले तक गौतम अडानी ताबड़तोड़ कमाई करते हुए मुकेश अंबानी सहित दुनिया के कई अमीरों को काफी पीछे छोड़ दिया था। वहीं 2023 आते ही अब तक वे दौलत गंवाने के मामले में सबसे आगे हो गए है। अडानी ग्रुप (Adani Group) को अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग (Hindenburg) की ऐसी नजर लगी है कि अब उनकी संपत्ति मुकेश अंबानी से आधे से भी कम हो गई है। एक माह पहले दौलत के रेस में अडानी मुकेश अंबानी से बहुत आगे थे।
बता दें बीते 24 जनवरी 2023 को पब्लिश की गई हिंडनबर्ग की रिसर्च रिपोर्ट अडानी ग्रुप के लिए काफी नुकसान देय साबित हुई है। इसके बाद से अडानी के शेयरों में जो गिरावट शुरू हुई जो थमने का नाम नहीं ले रही है। गौतम अडानी अमीरों की लिस्ट में चौथे पायदान से अब 33वें नंबर पर पहुंच गए हैं। हर रोज उन्हें अरबों डॉलर का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस बीच लंबे समय तक टॉप-10 अरबपतियों में उनके साथ दबदबा बनाए रहे दूसरे भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी संपत्ति के मामले में अब उनके बहुत आगे निकल गए हैं।
Forbes के रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की नेटवर्थ अब गिरकर 35.3 अरब डॉलर रह गई है। जबकि महीने भर पहले ये करीब 116 अरब डॉलर थी और वे दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर मौजूद थे। इससे पहले बीते साल 2022 के सितंबर महीने में अडानी की नेटवर्थ उछलकर 150 अरब डॉलर के करीब पहुंच गई थी। इस दौरान वे मुकेश अंबानी से लगभग दोगुने अमीर थे, लेकिन अब अडानी की नेटवर्थ अंबानी की कुल संपत्ति से आधे से भी कम रह गई है।
फोर्ब्स के मुताबिक मुकेश अंबानी 84.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ (Mukesh Ambani Net Worth) के साथ अरबपतियों की लिस्ट में आठवें नंबर पर हैं। गौतम अडानी से तुलना करें तो वे अडानी से करीब 48.8 अरब डॉलर ज्यादा अमीर हैं। गौतम अडानी की संपत्ति में बीते एक महीने में रोजाना गिरावट आई है और अभी भी जारी है। उनके शेयरों का मूल्य 85 फीसदी तक कम हो चुका है और ग्रुप का मार्केट कैप भी आधे से कम रह गया है। इन सब कारणों के चलते देखते-ही- देखते वे मुकेश अंबानी से इतना पीछे हो गए हैं। बीते साल ही वे अमीरों की लिस्ट में तेजी से बढ़ते हुए दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान बन गए थे. हालांकि, जितना अडानी ने 2022 में कमाया था, बीते एक महीने में ही उन्होंने उससे डबल करीब 81 अरब डॉलर की रकम गंवा भी दी है।




