हरमन बवेजा ने हाल ही में हंसल मेहता की वेब सीरीज ‘स्कूप से एक्टिंग की दुनिया में लंबे समय बाद वापसी की है। इस शो में उनके अभिनय को काफी सराहा जा रहा है। इस बीच अभिनेता ने उस समय को याद किया जब उनकी पहली फिल्म लव स्टोरी 2050 में प्रियंका चोपड़ा के साथ उनके परफॉर्मेंस के लिए उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। इस फिल्म का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर काफी खराब रहा था। साथ ही, उनके बारे में कई घटिया बातें लिखी गई थीं।
अब एक नए इंटरव्यू में उन्होंने उन दिनों को याद करते हुए कई राज खोले हैं। अभिनेता ने बताया कि फिल्म रिलीज होने के अगले दिन, उनकी बहन और मां पम्मी बावेजा सहित परिवार के चारों सदस्य छुट्टी पर चले गए थे और अलग-अलग कोने में बैठकर सोच रहे थे कि फिल्म के साथ ऐसा क्यों हुआ?
बता दें कि ‘लव स्टोरी 2050 के बाद हरमन की ‘विक्ट्री (2009), ‘व्हाट्स योर राशि (2009) और ‘ढिशकियाओं (2015) रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी थी। उन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म से पहले ही ये सभी फिल्में साइन कर ली थीं।
उन्होंने अपनी हिम्मत और निर्देशकों पर भरोसा करके इन फिल्मों को साइन किया था लेकिन, उनकी एक भी फिल्म कामयाब नहीं हो सकी। उनके लुक्स और डांस स्किल्स की भी लगातार ऋतिक रोशन से तुलना की जा रही थी, जिसकी वजह से वह एक अभिनेता के रूप में खुद को स्थापित नहीं कर सके।
इसके बाद हरमन ने अंतत: अभिनय छोडऩे का फैसला किया और अपना ध्यान प्रोडक्शन और लेखन की ओर लगाया। इस दौरान उनके माता-पिता उनका काफी सपोर्ट किया। उन्होंने कहा, मैं बहुत निराश था। मैं सोचता था, ‘क्या मुझे इसकी आवश्यकता है? मैं बस आराम करूंगा। यहां तक कि अपने अंदर के अभिनेता को जीवित रखने की कोशिश भी नहीं की, क्योंकि अगर ऐसा करता तो मैं जीवन में आगे नहीं बढ़ पाता। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि आलोचकों से मिली क्रूर आलोचना ने उन्हें बहुत आहत किया।




