कन्नौज। बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच डॉक्टरों की मौत हो गई है। वहीं एक घायल बताया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर यह हादसा हुआ। भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। कार बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ ट्रक से टकरा गई। हादसे में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच डॉक्टरों की दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तड़के साढ़े तीन बजे के करीब हादसा हुआ। हादसे में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच डॉक्टरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए सभी डॉक्टर लखनऊ से शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। सुबह 3:43 पर कंट्रोल रुम से सूचना मिली कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 196 पर हादसा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्कार्पियो आगरा जा रही थी, नींद आने के कारण कार डिवाइडर तोड़ कर आगरा से लखनऊ जाने वाली दिशा में पहुंच गई। इसके बाद आगरा की तरफ से आ रहे ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में अनिरुद्ध वर्मा (29) निवासी राधा विहार एक्सटेंशन, कमला नगर आगरा, संतोष कुमार मौर्य निवासी राजपुरा भाग-3 भदोही संत रविदास नगर, अरुण कुमार निवासी मल्लू मोचीपुर, कन्नौज, नरदेव निवासी बायपास रोड नजदीक श्याम चरण स्कूल नवाबगंज बरेली व एक अन्य की मौत हो गई। वहीं जयवीर सिंह निवासी बुद्ध विहार मुरादाबाद गंभीर घायल है। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। शवों को मोर्चरी में रखा गया है। बताया गया कि सभी मृतक डॉक्टर हैं और सैफई मेडिकल कॉलेज में पीजी कर रहे हैं। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक चालक मौके से भाग गया है।




