-दीपक रंजन दास
बाढ़, अतिवृष्टि, अनावृष्टि, मौसम चक्र परिवर्तन, यहां तक कि कोरोना का मुकाबला करने अब घर-घर यज्ञ और हवन होगा. इन मुसीबतों का इतना सरल हल उपलब्ध है, काश यह वैज्ञानिकों को भी पता होता. थाली पीटने, ताली बजाने और हवन करने से मनोबल बढ़ता है यह तो पता था. पर इससे समस्या का समाधान भी हो सकता है, ये नहीं पता था. हवन-पूजन का प्राचीन इतिहास बताता है कि यज्ञ-हवन या तो राजा-महाराजा करते थे या फिर ऋषि मुनि. घर-घर लोहे के कुंड में आम की लकड़ी जलाकर उसमें समिधा डालना एक नई संस्कृति है. यह अति उत्साह का परिणाम है. बहरहाल, लोगों की आस्था पर टिप्पणी करने का हमें कोई अधिकार नहीं. हमारी चिंता का विषय तो धर्म के नाम पर अराजकता और पाखण्ड है. कर्नाटक चुनाव में पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया PFI और बजरंग दल को बैन करने का मुद्दा कांग्रेस के घोषणा पत्र में है. PFI एक इस्लामिक संस्था है. छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भी बजरंग दल के लोगों ने गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की. सरकार ने उन्हें ठीक कर दिया. जरूरत पड़ी तो छत्तीसगढ़ में भी इस दल को बैन किया जा सकता है. भाजपा तो ऐसे ही किसी मौके के इंतजार में रहती है. भाजपा ने बजरंग दल पर बैन को सनातन पर हमला और कांग्रेस को हिन्दू विरोधी संगठन बता दिया. शिवसेना को लेकर भी लोगों को पहले लगता था कि यह भगवान शिव से जुड़ा है. बाद में पता चला कि शिवसैनिक शिवाजी को मानते हैं. वैसे ही बजरंग दल का बजरंग बली से कोई लेना देना नहीं है. यह विश्व हिन्दू परिषद की इकाई है. दरअसल, देश का जितना विकास आजादी के बाद संभव हुआ, उसका श्रेय वैज्ञानिक सोच को दिया जाना चाहिए. सरकारों ने देश के विकास पर फोकस किया. आज देश खुशहाल है तो वह धर्म-कर्म पर भी खर्च कर पा रहा है. 2016 में अकेले वैवाहिक आडम्बरों का बाजार 3.68 लाख करोड़ रुपए का था. ये आंकड़े वैश्विक सांख्यिकी संस्था KPMG ने जुटाए थे. देश की बढ़ती आबादी और आयोजनों की बढ़ती भव्यता देश की बढ़ती खुशहाली का भी प्रतीक है. यह खुशहाली उत्पातों से नहीं आई. देश में यूआईडी Aadhar 2009 में आया. अप्रैल 2016 में UPI भुगतानों की शुरुआत की गई. पर यह रातों रात नहीं हुआ. देश में पहला एटीएम 1987 में HDFC बैंक ने लगा दिया था. इससे भी काफी पहले 1953 में देश में पहला कम्प्यूटर लगा. 1955-56 में इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट, कोलकाता में पहला पीसी लगा. 1968 में टाटा ने TCS की स्थापना की. तमाम विरोधों के बीच देश में IT उद्योग को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने बढ़ावा दिया. आज हम इनकी मेहनत और दूरदृष्टि का ही फल खा रहे हैं. चीन में धर्म और आस्था की आजादी है पर आडम्बर पर बैन है. शायद इसीलिए उसकी आबादी ताकत और हमारी मुसीबत है.





