-दीपक रंजन दास
हनीट्रैप का स्थान सबसे ऊंचा है। ऋषि-मुनि, संत महात्मा, फौजी, नेता, अफसर कोई भी तो इससे बच नहीं पाया है। हनीट्रैप अर्थात मधुजाल का उल्लेख प्राचीन ग्रंथों में भी मिलता है। जब कोई ऋषि इंद्र की सत्ता को चुनौती देने की स्थिति तक पहुंच जाता तो देवराज इंद्र भी हनीट्रैप का इस्तेमाल करते थे। महर्षि विश्वामित्र की तपस्या भंग करने के लिए देवराज ने अप्सरा मेनका को भेजा था। बाइबिल में भी हनीट्रैप का जिक्र मिलता है। इसमें सैमसन और डिलीलाह की कहानी है जो लगभग 1100 ईसा पुरानी है। इसमें डेलीलाह अपने मोहपाश का उपयोग कर सैमसन की कमजोरियों को जान जाती है। अभी हाल ही में आतंकी विरोधी दस्ता (एटीएस) ने ठाणे के कलवा से गिरफ्तार इंजिनियर रवि वर्मा पर पाकिस्तान के लिए गंभीर खुफिया जानकारी मुहैया कराने के आरोप लगाए हैं। वर्मा 2024 से सोशल मीडिया पर पायल शर्मा और आईस्पिरिट नामक प्रोफाइल के संपर्क में था। इसके अलावा वह आकृति, प्रीति कुमारी, सिंघल कुमार इत्यादि फर्जी फेसबुक प्रोफाइल के टच में था। आरोप हैं कि वर्मा हनीट्रैप में था और उसने नौसेना के करीब 14 युद्ध पोतों और शिप की जानकारी इन सोशल मीडिया फ्रेंड्स से साझा की थी। हनीट्रैप का इस्तेमाल किसी क्षेत्र विशेष तक सीमित नहीं है। यह पुरुष की सबसे बड़ी कमजोरी है। हनीट्रैप में फंसकर बड़े बड़े लोग लुट चुके हैं। सबसे बड़ी बात यह कि सोशल मीडिया पर गुपचुप ऐसे लोगों से दोस्ती करने के बाद लोग अपने पर से आपा खो बैठे और ऐसी हरकतें कर बैठे जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा तक नहीं था। अब जब इन्हीं निजी पलों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाती है तो उनकी सांसों का अटकना स्वाभाविक सा हो जाता है। कुछ तो लालच और कुछ तकनीक ने आज हजारों किलोमीटर दूर बैठकर भी लोगों के निजी पलों का वीडियो रिकार्ड करने को आसान बना दिया है। इसी हनी ट्रैप में फंसकर भिलाई के एक युवक ने आत्महत्या कर ली। कॉल डीटेल्स और बैंक खातों की जांच से यह भी सामने आया कि कुछ अंजान नंबरों से उसकी लंबी बातें होती थीं। उसने कई खातों में बड़ी बड़ी राशियां ट्रांसफर भी की थी। पानी सिर के ऊपर आया तो उसने आत्महत्या कर ली। काश! वह एक बार पुलिस के पास गया होता। पिछले दिनों जांजगीर चांपा जिले का एक व्यापारी अपनी सगाई के 2 दिन पहले हनी ट्रैप में फंस गया। बसंतपुर के रहने वाले किशन साहू की दोस्ती आयशा बेगम से हुई। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए नंबर एक्सचेंज किया। युवती ने 12 जून की रात किशन को खेत में बुलाया था। यहीं उसने युवक के साथ अपने अंतरंग दृश्यों को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद इस रिकार्डिंग के दम पर उसने लड़के के पिता से 17 लाख रुपए की मांग की। पिता पुलिस के पास चले गए और सभी आरोपी धरे गए।





