रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी के समय में परिवर्तन किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेजों के डीन व अस्पताल अधीक्षकों ने भी इसमें सहमति दी। मेडिकल कॉलेजों में अब डॉक्टर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मरीजों को देखेंगे। वहीं पंजीयन की शुरुआत सुबह 8 बजे से की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की अध्यक्षता में गुरुवार दिन भर चली बैठक में यह तय कि सभी मेडिकल कॉलेजों ने सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ओपीडी संचालित किया जाएगा। वहीं सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक पंजीयन कराया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर के नवीन विश्रामगृह में प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन और अस्पताल अधीक्षकों के साथ बैठक के दौरान यह दिशा निर्देश दिए
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञों, डॉक्टरों और अन्य स्टॉफ को मरीजों व उनके परिजनों के साथ अच्छा व्यवहार रखना है। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध सभी अस्पतालों में सभी तरह की दवाईयां पर्याप्त मात्रा में रखने कहा ताकि किसी भी मरीज को बाहर से दवा न खरीदना पड़े। उन्होंने हर माह समीक्षा बैठक बुलाने का भी निर्देश दिया है। बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव आर प्रसन्ना, संचालक डॉ. विष्णु दत्त और सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक चंद्रकांत वर्मा भी उपस्थित रहे।




