जगदलपुर। पांच दिन पुराने आवासीय विद्यालय में छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म करने वाला कोई और नहीं बल्कि आवासीय विद्यालय में काम करने वाली भृत्य का पति है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। भृत्य के पति के खिलाफ पुलिस को सुबूत मिले और पीड़ित छात्रा ने भी आरोपी की पहचान की थी।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि 22 जुलाई को एर्राबोर थाना क्षेत्र के कन्या आवासीय विद्यालय पोटाकेबिन में पढ़ने वाली बालिका के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म करने के मामला सामने आया था। शिकायत के बाद पुलिस ने 24 जुलाई को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। संवेदनशील मामला होने के कारण कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 8 सदस्यीय जांच टीम का गठन भी किया गया था।
जांच टीम ने लगभग 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद घटना स्थल की बारिकी से जांच करने के बाद विद्यालय की भृत्य के पति माड़वी हिड़मा (35) निवासी एर्राबोर को गिरफ्तार किया गया। यही नहीं पुलिस ने आश्रम अधीक्षिका हिना (36) को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एसपी ने बताया कि मामले की जानकारी होने के बाद भी अधीक्षिका ने इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों व पुलिस को सही समय पर नहीं दिया।




