रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार शाम को एक सड़क हादसे में 17 साल की छात्रा को अपनी जान गवांनी पड़ी। सड़क किनारे बैठी छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया लेकिन वाहन मालिक लोगों के हाथ लग गया। लोगों ने वाहन मालिक की पिटाई की और स्कॉर्पियों को आग के हवाले कर दिया। मामला जिले के कापू थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ठाकुर पौड़ी में शुक्रवार को एक शादी समारोह था। स्कॉर्पियो में सवार होकर कुछ शादी में पहुंचे हुए थे। कक्षा 10वीं की छात्रा प्रीति कासते सड़क से दूर बैठी थी, इस दौरान स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आते हुए छात्रा प्रीति को चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। हादसा होते देखने वाले ग्रामीणों ने स्कॉर्पियों को घेर लिया। इससे पहले वाहन चालक फरार हो गया।
इसके बाद ग्रामीणों के हाथ वाहन का मालिक जितेन्द्र लग गया। ग्रामीणों ने उसकी जमर धुनाई कर दी। ग्रामीणों का गुस्सा यहीं पर खत्म नहीं हुआ। ग्रामीणों ने स्कॉर्पियों की डीजल टंकी फोड़ी और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते स्कॉर्पियो जल गई। इतना नहीं ग्रामीण वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर जाम हटाया। इधर पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया है।




