रायपुर। छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी के नाम से प्रख्यात कोरबा जिले में दो और विद्युत संयंत्र बनेंगे। इसके लिए शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आधारशिला रखेंगे। 660 मेगावाट की उत्पादन क्षमता वाले दो विद्युत संयंत्र की कुल अनुमानित लागत 12 हजार 915 करोड़ रुपए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसके अलावा कोरबा जिले को 441 करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसी प्रकार 325 करोड़ की लागत से स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा का लोकार्पण करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बघेल रायपुर से पूर्वान्ह 11 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर 11.50 बजे कोरबा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री वहां कलेक्टोरेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण, ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण करने के पश्चात घंटाघर मैदान में आयोजित आमसभा को सम्बोधित करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी हसदेव ताप विद्युत गृह की नवीन सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना कोरबा पश्चिम का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री 325 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री कोरबा से दोपहर 2.50 बजे रायपुर लौट आएंगे और अपरान्ह 3 बजे से रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात मुख्यमंत्री बघेल 4.15 बजे रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय आएंगे।
मुख्यमंत्री बघेल द्वारा किए जाने वाली लोकार्पण कार्यों के अंतर्गत ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कोरबा द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (नाबार्ड) अंतर्गत 76 लाख 68 हजार की लागत से गोदाम सह कार्यालय भवन निर्माण के 03 कार्य, लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण उपसंभाग कोरबा द्वारा नाबार्ड योजना अंतर्गत 04 करोड़ 32 लाख से अधिक की लागत से उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के 03 कार्य, स्वास्थ्य विभाग कोरबा द्वारा 15 वें वित्त एवं ईसीआरपी-2 योजनांतर्गत 02 करोड़ 38 लाख से अधिक की लागत से 13 शहरी हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर (हमर क्लीनिक) की स्थापना, वनमण्डल कोरबा द्वारा रामपुर में 03 करोड़ 01 लाख से अधिक की लागत से सड़क, कैम्प व वॉटर हारवेस्टिंग सिस्टम निर्माण के कुल 08 कार्य, शिक्षा विभाग द्वारा नवनिर्मित पुस्तकालय भवन हेतु 03 करोड़ 05 लाख से अधिक की लागत की आवश्यक सामग्री के कार्य, जनपद पंचायत कोरबा द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास से 48 लाख 78 हजार की लागत से सड़क एवं प्राथमिक शाला निर्माण के कुल 03 कार्य तथा जनपद पंचायत करतला द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास से 01 करोड़ 39 लाख से अधिक की लागत से सड़क, भवन एवं तालाब के जीर्णोद्धार के कुल 07 कार्य शामिल हैं।
इसी प्रकार शिलान्यास कार्यों के अंतर्गत छ0ग0 ग्रामीण सहकारी विकास अभिकरण परियोजना क्रियान्वयन इकाई कोरबा अंतर्गत 19 करोड़ 56 लाख से अधिक के कुल 22 सड़कों के सतह नवीनीकरण के 04 कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत 32 करोड़ 57 लाख से अधिक के जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत एकल ग्राम नल-जल प्रदाय योजना के 20 कार्य, स्वास्थ्य विभाग कोरबा अंतर्गत 03 करोड़ 91 लाख से अधिक के स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार 09 कार्य, नगर पंचायत पाली में 01 करोड़ 95 लाख की लागत से नवीन हाईटेक बस स्टैण्ड निर्माण कार्य शामिल हैं।




