रायपुर। राजधानी की राजेन्द नगर पुलिस ने ठगी के ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है कि जिन्होंने कम दाम में सोना बेचकर एक करोड़ से ज्यादा की ठगी की। यह इतने शातिर हैं कि लोगों को धोखा देने के लिए ज्वेलरी की पूरी दुकान ही खोल रखी थी। लोगों को 23 कैरेट का बताकर कम कैरेट वाला सोना दिया और इस तरह से ठगी की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का मास्टर माइंड फरार बताया जा रहा है।
राजेन्द्र नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अग्रोहा सोसायटी निवासी शिवकुमार अग्रवाल ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। लोगों को कम दाम में सोना देने और सोने के व्यापार में निवेश कर मोटा मुनाफ कमाने का झांसा दिया गया। इन लोगों ने एक ज्वेलरी दुकान भी खोल रखी थी जिसे देखकर लोगों को भी इन पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपियों ने इस तरह से लोगों को झांसा देकर एक करोड़ से भी ज्यादा की ठगी की।
सभी आरोपी बलिया यूपी के, मास्टर माइंड फरार
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी की और इस मामले में अंजली वर्मा उर्फ अंजली सोनी पति अनिल वर्मा (32) निवासी बलिया (UP), अखिलेश सिंह उर्फ भोला पिता स्व. विजय सिंह (22) निवासी बलिया (UP), जयकुमार नारा पिता स्व. रमेश कुमार नारा (40) निवासी बलिया (UP) को गिरफ्तार किया है। यह सभी रायपुर में रहकर ठगी का कारोबार कर रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने 55 हजार रुपए नगद, 11 लाख 20 हजार के सोने के जेवर व 90 हजार रुपए के चांदी के जेवर जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि इस पूरे खेल का मास्टर माइंड व दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।




