भिलाई। शहर में देशी कट्टे से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सेक्टर-2 निवासी आकाश सिंह और सेक्टर-7 निवासी नीरज कुमार प्रसाद पुलिस की गिरफ्त में आए। गुरुवार को दिनभर शहर में इनकी चर्चा रही। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दुर्ग एसपी डॉ पल्लव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में आरोपियों की क्लास ली। इस दौरान आरोपियों ने हैरान करने वाले खुलासे किए। आरोपियों में एक ने देशी कट्टा 12 साल की उम्र में खरीदा था। वहीं उसके साथी ने भी दो साल पहले यूपी से देशी कट्टा खरीद कर लाया। आइए जानते हैं एसपी पल्लव की क्लास में आरोपियों ने क्या कुछ कहा।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी पल्लव ने जानकारी दी। आरोपियों के पास तीन देशी कट्टे व दो जिंदा कारतूस, एक तलवार और एक चाकू बरामद किया है। हवाई फायरिंग की यह घटना दो साल पहले की है। दोनों ने रात ढ़ाई बजे घर से निकल कर सड़क पर हवाई फायरिंग की थी। पांच दिन पहले आकाश सिंह का जन्मदिन था और इस खास मौके पर इसके बॉबी नाम के दोस्त इसे इंस्टाग्राम में पोस्ट किया था। इसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और जागरुक लोगों के माध्यम से दुर्ग एसपी के वाट्सएप पर भेजा गया। इसके बाद इनकी गिरफ्तारी हुई।
रील्स बनाने के शौक ने पहुंचाया जेल
दरअसल दोनों को रील्स बनाने का शौक था और इसके लिए इन दोनों ने हवाई फायरिंग की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दो साल पहले का यह वीडियो है। उस दिन रात को दोनों ने देशी कट्टे से फायरिंग का प्लान बनाया। इस दौरान फायरिंग करते वीडियो भी रिकार्ड करवाया। आरोपियों के अनुसार उस समय इस वीडियो को पोस्ट नहीं किया था। 17 फरवरी को आकाश सिंह का जन्मदिन था और इस खास मौके पर उसके दोस्त बॉबी ने इस वीडियो को एडिट कर इंस्टा में अपलोड कर बर्थडे गिफ्ट दिया।
6 माह पहले लाई थी तलवार, फ्लिपकार्ट से मंगाया था चाकू
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 6 माह पहले ही तलवार लाई थी। आकाश सिंह ने बताया कि उसने यह तलवार सेक्टर -6 गुरुद्वारे से ली थी। गुरुद्वारे की पवित्र तलवार को किसी को बिना बताए ही आकाश लेकर चला गया था। यही नहीं एक चाकू आरोपी नीरज ने फ्लिपकार्ट से मंगाया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि देशी कट्टा 1500 रुपए की खरीदी और कारतूस 60-60 रुपए में लिया था। इस्टाग्राम पर बर्थ डे के दिन फायरिंग का वीडियो डाल कर रौब दिखाना चाह रहे थे इनके लिए उल्टा पड़ गया और पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
भिलाई भट्ठी पुलिस ने की कार्रवाई
एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया शहरी क्षेत्र में चाकूबाजी और बढ़ते हुये अपराधो पर लगाम कसने को लेकर दुर्ग पुलिस लगातार कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में इस्टाग्राम में बर्थ-डे पार्टी मनाते हुये देसी कटटे से फायर करते हुये विडियो बनाकर वायरल किया क्लिप हमारे पास आया। इसके बाद भिलाई भट्ठी पुलिस की टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उनके घर पर दबिश दी गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर हथियार रखने चलाने और वीडियो वायरल करने की बातें सामने आई। पकड़े गए आरोपियों आकाश सिंह और नीरज कुमार प्रसाद के खिलाफ थाना मिलाई भटटी में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी अभिषेक पल्लव से सभी थानों की पुलिस को निर्देश दिया कि बिना काम के रात 10 बजे के बाद घूमने वालों पर भी कार्रवाई करें।




