बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जज के खिलाफ एफआईआर करने वाले थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। दरअसल फैमिली कोर्ट के जज के साथ मारपीट की घटना के बाद उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। जज पर एफआईआर दर्ज किए जाने पर सवाल उठे। इस मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को लाइन अटैच कर दिया। उनकी जगह नरेश चौहान को सरकंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के राजकिशोर नगर में रहने वाले महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के साथ करीब सप्ताहभर पहले मारपीट का मामला सामने आया था। बताया गया कि, जन्मदिन के जश्न के दौरान देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे थे और पटाखे फोड़े जा रहे थे। इससे परेशान होकर न्यायाधीश ने इसका विरोध किया था। इस बात को लेकर प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि, उन्होंने न्यायाधीश और उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर फैमली कोर्ट के जज प्रफुल्ल कुमार पर भी एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया। हालांकि थाना प्रभारी को लाइन अटैच करने के पीछे प्रशासनिक कारण बताया गया है।





