मुंबई। बॉलिवुड की मशहूर कोरियॉग्रफर सरोज खान का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। निधन की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है। वह 71 साल की थीं। सरोज खान 17 जून से मुंबई के बांद्रा में स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती थीं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद यहां भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार रात 1.52 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। सरोज खान डायबिटीज और इससे संबंधित बीमारियों से जूझ रही थीं। हॉस्पिटल में भर्ती के बाद उनके कोरोना संक्रमण की जांच भी की गई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। केवल परिवार के नजदीकी लोगों की मौजूदगी में सरोज खान को मुंबई के मलाड मुस्लिम कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक़ कर दिया गया है।
वह लंबे समय से अपने काम से ब्रेक पर थीं लेकिन बीते साल (2019) उन्होंने वापसी की और मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ और कंगना रनौत की फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ में एक-एक गाने को कोरियॉग्राफ किया था। बॉलिवुड में मात्र 3 साल की उम्र में एक डांसर के तौर पर करियर शुरू करने वाली सरोज खान ने 1974 में कोरियॉग्रफर के तौर पर करियर शुरू किया था। सरोज खान ने अपने 40 साल से अधिक के करियर में 2000 से ज्यादा बॉलिवुड गानों को कोरियोग्राफ किया था। बॉलिवुड की कई बड़ी हिरोइनों जैसे माधुरी दीक्षित, ऐश्वर्या राय, श्रीदेवी और करीना कपूर के करियर को संवारने में सरोज खान की कोरियॉग्रफी का बड़ा हाथ माना जाता है। यही नहीं बॉलिवुड के किंग खान शाहरुख खान सहित कई हीरोज के डांस कॅरियर में सरोज खान का अहम रोल रहा है।




