दुर्ग। उतई पुलिस ने ग्राम पउवारा स्थित रॉयल एकेडमी स्कूल के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। डायरेक्टर पर आरोप है कि उनके गैर जिम्मेदाराना रवैय्ये के कारण स्कूल के स्टूडेंट्स पर बड़ा संकट आ सकता था। दरअसल हुआ यह कि स्कूल के वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूल परिसर में एक स्टॉल लगाया गया जहां बच्चों को एक्सपायरी चिप्स व चॉकलेट रखे गए थे। परिजनों को जब यह पता चला तो हंगामा हुआ। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल डायरेक्टर अकरम खान को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार पउवारा स्थित रॉयल एकेडमी स्कूल में 10 फरवरी को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। यहां स्कूल प्रबंधन की अनुमति से एक स्टॉल लगाया जहां चिप्स, चॉकलेट, कुरकुरे आदि सामान बेचा जा रहा था। बच्चों के लिए लगाए सामान की जांच की गई वे एक्सपायरी निकले। इनकी डेट 2025 में ही खत्म हो चुकी थी। ऐसा एक्सपायरी सामान बच्चों को दिए जाने का मामला तूल पकड़ा।

यह बात जब पालकों को पता चली तो लोगों के साथ मिलकर इसका विरोश जताया। पालकों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामा बढ़ा तो मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया। इसके बाद पालकों की शिकायत पर स्कूल के डायरेक्टर अकरम खान के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।




