मुंबई (एजेंसी)। इंग्लैंड के बहुप्रतीक्षित भारतीय दौरे का आज एलान हो गया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को पूरे कार्यक्रम की घोषणा की। अगले साल फरवरी में दोनों देशों के बीच चार टेस्ट मैच, पांच टी-20 और तीन एकदिवसीय मैच की सीरीज खेली जाएगी। इंग्लैंड के इस लंबे दौरे की शुरुआत चेन्नई में 5 फरवरी से होने वाले टेस्ट मैच से होगी। दूसरा मैच भी इसी जगह खेला जाएगा। अहमदाबाद में होने वाला तीसरा टेस्ट डे-नाइट होगा, जिसे पिंक बॉल से खेला जाएगा। चौथे टेस्ट की अगुवानी भी अहमदाबाद का मोटेरा स्टेडियम ही करेगा, जो 2020 की शुरुआत में पुनर्निर्माण के बाद अपने पहले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।
मौजूदा हालात में क्वारंटीन गाइडलाइंस के मद्देनजर पूरा क्रिकेट कार्यक्रम सिर्फ तीन सेंटर्स में ही आयोजित होगा। चेन्नई, अहमदाबाद के अलावा तीन मैच की वन-डे सीरीज की मेजबानी पुणे करेगा। कोरोना संक्रमण के बाद यह हिंदुस्तानी सरजमीं पर पहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता होगी, इसके पहले मार्च में भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीकी टीम को बीच में दौरा छोड़कर स्वदेश लौटना पड़ा था। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने गुरुवार को गुजरात क्रिकेट संघ के इंडोर अकादमी के उद्घाटन के दौरान मोटेरा को दिन-रात्रि टेस्ट की मेजबानी की घोषणा की। पिछले साल ईडन गार्डन में बांग्लादेश के खिलाफ दिन-रात्रि टेस्ट के बाद गुलाबी गेंद से भारतीय सरजमीं पर यह दूसरा मुकाबला होगा।
इंग्लैंड के भारत दौरे का एलान: तीन शहरों में होंगे चार टेस्ट, पांच टी-20 और तीन वन-डे मैच…. अहमदाबाद के मोटेरा में होगा डे-नाईट टेस्ट




