बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर बीजापुर जिले में शुक्रवार को पुलिस नक्सली मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। साथ ही जवानों ने सर्चिंग के दौरान एक घायल नक्सली को भी पकड़ा है। छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र के संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है। मौके पर भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर 2022 की रात डीआरजी बीजापुर और महाराष्ट्र C-60 की संयुक्त टीम नेशनल पार्क एरिया कमेटी क्षेत्र में थाना फरसेगढ़ क्षेत्रान्तर्गत टेकमेटा, बड़े काकलेर, छोटेकाकलेर एरिया में माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी । अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह 7 बजे बजे थाना फरसेगढ़ क्षेत्रान्तर्गत टेकमेटा के जंगल पहाड़ो में पुलिस पार्टी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पहले से घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर फायर खोल दिया। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग गए। इस दौरान जवानों ने एक महिला माओवादी सहित 02 माओवादियों को मार गिराने में पुलिस पार्टी को सफलता मिली है । मौके से 02 एसएलआर, 01 नग मस्केट, बरामद हुआ । सर्चिंग के दौरान टेकमेटा के जंगलों से 01 घायल माओवादी को पकड़ा गया है । आसपास के क्षेत्र में रि-इंफोर्समेंट हेतु भेजे गये अतिरिक्त सुरक्षा बल द्वारा सर्चिंग की जा रही है।




