कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन विवाद में बड़े भाई ने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। बेटे के साथ मिलकर पहले तो छोटे भाई को जमकर पीटा और उसके बाद कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्याकांड की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना जिले हरदी बाजार थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दर्री निवासी लक्ष्मी नारायण तिवारी का उसके बड़े भाई कौशल प्रसाद तिवारी के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस बीच लोगों ने रविवार को लक्ष्मी नारायण तिवारी का शव उसके ही घर के बाहर पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक का उसके बड़े भाई से विवाद का पता चला। इसके बाद पुलिस ने मृतक के बड़े भाई कौशल प्रसाद तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ दौरान आरोपी कौशल प्रसाद तिवारी ने पुलिस को बताया कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर रविवार को छोटे भाई के घर पर विवाद हुआ। इसके बाद कौशल प्रसाद ने अपने बेटे अशोक तिवारी के साथ मिलकर छोटे भाई लक्ष्मी नारायण पहले बुरी तरह पिटाई की और उसके बाद कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। थाना प्रभारी मयंक मिश्रा ने बताया हत्या के आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर आगे की कार्रवाई की की जा रही है।




