कांबिग गश्त चलाकर की गई संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की व्यापक जांच, तीन संदिग्धों से की जा रही पूछताछ
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने आज तड़के खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब पांच सौ मकान और दो सौ के करीब ट्रक ट्रेलर वाहनों की जांच की गई। सुबह 4 बजे से 9 बजे तक संयुक्त पुलिस बल द्वारा चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान में 7 संदिग्ध मोटर साइकिल जप्त कर 3 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। लगभग 100 पुलिस जवानों के साथ इस कांबिग गश्त का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने किया।

दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आज 11 मई को सुबह 4 बजे से 9 बजे तक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत थाना खुर्सीपार क्षेत्र के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट एवं ट्रांसपोर्ट नगर में व्यापक स्तर पर चेकिंग एवं सत्यापन कार्यवाही की गई। अभियान में थाना खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस एवं रक्षित केंद्र दुर्ग के संयुक्त पुलिस बल द्वारा कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी एवं ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में ड्राइवर एवं क्लीनर के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज एवं आधार कार्ड के आधार पर सत्यापन किया गया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि कार्यवाही के दौरान 07 संदिग्ध मोटरसाइकिल वाहन जप्त किए गए तथा थाना खुर्सीपार क्षेत्र से 03 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ हेतु थाना लाया गया है। जिनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों को क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु समझाइश दी गई। इस कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी यदुमनी सिदार, थाना प्रभारी खुर्सीपार, थाना प्रभारी भिलाई-3, थाना प्रभारी जामुल, यातायात प्रभारी दुर्ग के नेतृत्व में संबंधित थानों एवं पुलिस इकाइयों के अधिकारी कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।




