भिलाई। पुलिस मुख्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में चलाए गए ऑपरेशन तलाश अभियान में दुर्ग पुलिस अव्वल रही। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक 683 गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों को खोजकर परिजनों व संबंधितों को सौंपा गया। विशेष ऑपरेशन तलाश अभियान में 40 पुलिस टीमों का गठन कर यह सफलता पाई है। अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, गुजरात एवं राजस्थान में टीम भेजकर अंतरराज्यीय समन्वय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई। गुमशुदा बालिग व्यक्तियों की दस्तयाबी में वीडियो कॉल के माध्यम का भी उपयोग कर त्वरित सत्यापन एवं बरामदगी की गई।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में दिनांक 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑपरेशन तलाश अभियान संचालित किया गया। उक्त अभियान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की शीघ्र दस्तयाबी हेतु सुनियोजित रणनीति बनाकर कुल 40 पुलिस टीमों का गठन किया गया। बड़े थानों में दो-दो टीम एवं छोटे थानों में एक-एक टीम नियुक्त कर राजपत्रित अधिकारी के पर्यवेक्षड़ अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
एसएसपी ने दी टीमों को बधाई
अभियान के दौरान दुर्ग पुलिस द्वारा कुल 683 गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों को दस्तयाब किया गया, जिसमें 219 पुरुष, 398 महिला एवं 66 बच्चे (बालक 11, बालिका 55) शामिल हैं। सभी दस्तयाब व्यक्तियों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। अभियान की सफलता पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी टीमों को बधाई दी।
दीगर राज्यों में चलाया गया अभियान
अभियान के तहत पुलिस टीमों को छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, गुजरात एवं राजस्थान राज्यों में भेजकर अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित किया गया। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, मुखबिर सूचना एवं वीडियो कॉल सत्यापन के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों की पहचान एवं दस्तयाबी सुनिश्चित की गई। दुर्ग पुलिस द्वारा सर्वाधिक दस्तयाबी करते हुए राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया।
अधिकारी कर्मचारियों की रही सराहनीय भूमिका
उक्त अभियान में दुर्ग पुलिस के समस्त थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों एवं गठित विशेष टीमों के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा समन्वित एवं निरंतर प्रयास करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने बच्चों एवं परिजनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे शीघ्र वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।




