दुर्ग। अवैध रूप से बनाई गई दुकान को ढहाने पहुंची निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जनदर्शन में मिली शिकायत के आधार पर निगम का तोडूदस्ता दुकान तोड़ने पहुंचा तो महिला जेसीबी के सामने खड़ी हो गई ओर जमकर तमाशा किया। महिला ने यहां तक कह दिया कि दुकान तोड़ने के लिए उसकी लाश पर से गुजरना होगा। आखिरकार निगम अमला महिला की जिद के सामने झुक गया। निगम अमला एक सप्ताह का अल्टिमेटम देकर चला गया।
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग निगम का अतिक्रमण निवारण दस्ता बुधवार दोपहर बजरंग नगर शिवपारा में कार्रवाई करने गया था। यहां स्थितअनिल दुबे की दुकान आदि शक्ति रेडीमेट को तोड़ने का आदेश मिला था। यह दुकान अतिक्रमण कर बनाई गई थी। जनदर्शन में शिकायत के बाद इस दुकान को तोड़ने का आदेश निगम को मिला। सीमांकन में भी दुकान अवैध पाई गई। दुकान तोड़ने के लिए निगम की टीम जेसीबेी लेकर पहुंची।
निगम की टीम जब पहुंची तब इस दुकान का संचालक अनिल दुबे तो नहीं था लेकिन उसकी पत्नी ने कार्रवाई का विरोध किया। महिला जेसीबी के सामने खड़ी हो गई और निगम के अधिकारियों को उसकी लाश में होकर जाने की चेतावनी दे डाली। महिला की जिद को देखते हुए निगम अमले एक सप्ताह में दुकान का सारा सामान खाली कर लेने को कहा। एक सप्ताह बाद निगम की टीम दुकान तोड़ने का काम करेगी।




