नई दिल्ली (एजेंसी)। चीन और पाकिस्तान से सीमा पर लगातार मिल रही चुनौतियों से निपटने और देश के खिलाफ किसी भी नापाक मंसूबों को धराशायी करने के लिए भारतीय सेना को जल्द ही और नए हथियार, उपकरण और अन्य साजो-सामान मुहैया कराए जाएंगे। इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने घरेलू उद्योगों से 28,000 करोड़ रुपए के उपकरण, साजो सामान की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को कहा, भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना की हथियार और उपकरणों सहित अन्य सभी जरूरतों को पूरा करने के लिए रक्षा अधिग्रहण परिषद ने कुल 28 हजार करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी दी है।
अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्रालय ने जिन प्रस्तावों को मंजूरी दी है, उनमें वायु सेना के लिए विमानों की मौजूदगी का पता लगाने वाली पूर्व चेतावनी प्रणाली, नौसेना के लिए अपतटीय गश्ती पोत शामिल हैं।




