भिलाई। शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस कॉलोनी को भी नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आई है। यहां पर बदमाशों ने आरक्षक की बाइक को आग लगा दी है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। रात को बाइक खड़ी कर अपने क्वार्टर में जाने के बाद आधी रात को आग लगा कर बदमाश भाग गए। जब तक आरक्षक बाइक को बुझाता वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 435 के तहत अपराध दर्ज किया है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार सी/110 न्यु पुलिस लाईन दुर्ग निवासी आरक्षक प्यारे लाल यादव की बाइक को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया। प्यारेलाल ने अपनी शिकायत में बताया कि 29 जनवरी 2023 के रात करीबन 8.00 बजे वह अपने क्वार्टर पहुंचा। क्वार्टर के बाहर अपनी मोटर सायकिल क्रमांक सीजी 10 ईएम 9833 हीरो पैशन प्रो को खडी कर अपने रूम में चला गया। रात करीब 10 बजे बाइक को अज्ञात व्यक्ति आग लगाकर भाग गया। जब तक आरक्षक पहुंचा बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आग लगाने वाले की खोजबीन के लिए पुलिस आसपास के सीसी टीवी फुटेज जांच कर रही है।




