रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच एक बार फिर से लॉकडाउन की मांग तेज हो गई है। ताजा मामले में राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने लॉकडाउन को जरूरी बताते हुए फिर से प्रदेश में लॉकडाउन करने की मांग की है। छाया वर्मा ने यह भी कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति अन्य राज्यों की तूलना में बेहतर है फिर भी लॉकडाउन जरूरी है। इससे पहले भाजपा नेता व पूर्व विधायग श्रीचंद सुंदरानी ने भी सीएम भूपेश बघेल को पत्र लिखकर शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक टोटल लॉकडाउन की मांग की है। उन्होंने शेष दिनों में सुबह 7 से शाम 7 बजे तक ही मार्केट खोलने की बात कही गई है। इसी कड़ी में अंबिकापुर मेयर अजय तिर्की ने भी लॉकडाउन की मांग की है। उन्होंने कहा है कि 15 से 20 दिनों लॉकडाउन फिर से किया जाए।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के भीतर 65 नए मरीजों की पुष्टि, 42 डिस्चार्ज
इधर छत्तीसगढ़ में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर प्रदेश में कोरोना की स्थिति को लेकर जानकारी दी है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के भीतर 65 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है और 42 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। नए मरीजों में राजधानी रायपुर से 36, बस्तर से 9, बिलासपुर से 6, कोरिया से 4, सरगुजा से 3, कोरबा से 2, नारायणपुर से 2, कांकेर से 1, धमतरी से 1 और दुर्ग से 1 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। अब तक 3897 कुल पॉजिटिव केस सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 810 हो गई है। वहीं, अब तक प्रदेश में 3070 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। बता दें कि प्रदेश में अब तक तक 17 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।




