नई दिल्ली (एजेंसी)। दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। सिद्धू 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान लालकिले पर हुई हिंसा मामले के मुख्य आरोपी में से एक है। करीब 15 दिन तक फरार रहने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम रखा था। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के मुताबिक स्पेशल सेल की टीम ने उसे पंजाब से गिरफ्तार किया है। उसे पंजाब के जीरकपुर नाम के इलाके से गिरफ्तारी किया गया है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों की माने तोगिरफ्त से दूर रहते हुए सिद्धू लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि पंजाबी अभिनेता जो वीडियो वायरल होते थे उन्हें कैलीफोर्निया में रहने वाली उसकी एक महिला मित्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया करती थी। कुछ दिन पहले ही दीप सिद्धू का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने किसान नेताओं को धमकाया था। उसने कहा था कि किसान नेता जमीन बचाने के लिए नहीं, बल्कि राजनीति करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
दिल्ली हिंसा के आरोपी दीप सिद्धू ने फेसबुक पर लाइव होकर किसान नेताओं को खुली चेतावनी दी थी। बार बार गद्दार कहे जाने से नाराज सिद्धू ने किसान नेताओं को कहा था कि अगर उसने अंदर की बातें खोलनी शुरू कर दी तो इन नेताओं को भागने की राह नहीं मिलेगी। इस बात को डायलॉग न समझें। ये बात याद रखना। सिद्धू ने कहा कि मेरे पास हर बात की दलील है। किसान नेताओं को मानसिकता बदलनी चाहिए। इसके बाद उसने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा था कि वह जांच में शामिल होगा, लेकिन उसे कुछ मोहलत चाहिए।





