धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दंतैल हार्थी की आहट से लोग दहशत में हैं। जिले के मगरलोड विकासखंड में सोमवार देर रात दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण को पटककर व कुचलकर मार डाला। मंगलवार सुबह ग्रामीण की लाश मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात्रि लगभग 12:30 बजे ग्राम पंचायत कोरगांव के आश्रित ग्राम चारभाठा में हाथी घुस आया। ग्राम ढिकुड़िया मोहेराका रहने वाला सुखराम कमार अपने साथी पुरुषोत्तम और धनेश्वर के साथ मगरलोड आया हुआ था। रात होने की वजह से वो अपने रिश्तेदार घनश्याम ध्रुव के यहां चारभाठा में रुक गया। यहां खाना खाने के बाद सुखराम मंच पर सोने चला गया था। बताया जा रहा है रात में यहां पहुंचे हाथी ने सोते हुए सुखराम कमार पर हमला कर दिया। सूंड से पहले उसे पटका और कुचलकर मार डाला। शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हालत में मिला है। वन विभाग की टीम दंतैल हाथसी पर नजर रखे हुए है।




