जशपुर। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिले जशपुर में लगातार धान के अवैध परिवहन के मामले सामने आ रहे हैं। पड़ोसी राज्य झारखंड से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने का प्रयास किया जा रहा है। ताजा मामले में जशपुर पुलिस ने झारखंड से पिकअप में भरकर छत्तीसगढ़ लाए जा 380 बोरी धान जब्त किया है। जब्त धान की कीमत लगभग 3 लाख 49 हजार 600 रुपए बताया जा रहा है। पुलिस ने प्रकरण को जिला प्रशासन को सौंप दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन चालू होते ही, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस सरहदी राज्यों से धान की आमद पर रोक लगाने हेतु लगातार नजर रखी जा रही है। जशपुर में पुलिस के द्वारा अबतक चार ट्रक व 16 पिकअप वाहन से कुल 1084 क्विंटल धान को पकड़, कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है। ताजा मामले में रविवार की आधीरात को सिटी कोतवाली पुलिस को झारखंड से धान का अवैध परिवहन करते 6 पिकअप को पकड़ा गया।
दरअसल रविववार की आधीरात लगभग 1 बजे सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरिया के सिकटाटोली के ग्रामीण रास्ते से कुछ पिकअप वाहन में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे कि वे झारखंड राज्य से लेकर आ रहे हैं। जिस पर पुलिस के द्वारा तत्काल मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, ग्राम जरिया, सिकटाटोली के ग्रामीण रास्ते पर नाका बंदी की गई थी, इसी दौरान रात्रि में कुल 06 संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा घेरा बंदी कर रोका गया।
पूछताछ पर पिकअप के वाहन चालकों के द्वारा अपना नाम.दिनेश साय, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम छोटा कुरंजा, जिला जशपुर, विजय प्रजापति उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सन्ना, जिला जशपुर, रूपेश कुमार उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम जशपुर, राकेश राम उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम पुरना नगर जशपुर, सोनू कुमार, उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम पुरना नगर, जशपुर व दिनेश भगत उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम घोलेंग जशपुर का रहने वाला बताया गया। पुलिस के द्वारा जब पिकअप वाहन की तलाशी ली गई तो सभी पिकअप में 380 बोरा धान लोड मिला। पिकअप वाहन चालकों ने बताया कि वे धान को झारखंड राज्य स्थित ग्राम जारी से लेकर जशपुर आ रहे थे।
पुलिस के द्वारा उनसे धान से संबंधित दस्तावेजों की मांग किए जाने पर उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा सभी 06 नग पिकअप वाहन से कुल 380 बोरी,152 क्विंटल धान को पकड़ कर अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, आरक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह, रामप्रताप यादव, राजकेश्वर सिंह रवि राम, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख व रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस छत्तीसगढ़ में अवैध धान आमद पर सतत निगाह रखी हुई है, सिटी कोतवाली क्षेत्र में, झारखंड से धान ला कर, जशपुर में खपाने की कोशिश कर रहे 06 पिकअप से 152 क्विंटल धान को पकड़ कर जिला प्रशासन को सौंपा गया है।




