देहरादून Dehradun. देश की सूपरफास्ट ट्रेन वंदेभारत एक्सप्रेस अब उत्तराखंड से भी शुरू हो गई है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी पौने पांच घंटे में पूरी की जा सकेगी। देहरादून से चलने वाली इस वंदेभारत एक्सप्रेस को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक चलेगी। यह ट्रेन उत्तराखंड की पहली वंदेभारत एक्सप्रेस होगी।

यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह सात बजे चलेगी। देहरादून और दिल्ली के बीच ट्रेन के केवल पांच स्टॉपेज होंगे। इनमें हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ शामिल हैं। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। वहीं, औसत रफ्तार 63.41 तय की गई है। वंदे भारत देहरादून से चलने वाली सबसे तेज ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस से एक घंटे कम समय में दिल्ली पहुंचाएगी। हालांकि, शताब्दी एक्सप्रेस को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक चलाया जाता है। जबकि, यह ट्रेन आनंद विहार तक ही जाएगी।
ट्रेन को शुरू करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पर्वतमाला योजना उत्तराखंड का भविष्य बदलने जा रही है। ट्रेन शुरू होने से राज्य में आने वाले यात्रियों के लिए फायदेमंद होगा। वंदे भारत भारत के सामान्य परिवारों की पहली पसंद बनती जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेलवे का स्वर्णिम युग है। स्वदेश में निर्मित सेमी हाईस्पीड ट्रेन यहां से चलने जा रही है। जल्द ही दुर्गम इलाकों में भी ऐसी ट्रेनें चलाई जाएंगी। पहाड़ के लिए यह सब सपना था। जल्द ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक ट्रेन चलेगी।




