भिलाई। वार्ड क्रमांक 5 में निजामी चौक से लेकर सुपेला लक्ष्मी मार्केट के पीछे तक लगभग 1 किलोमीटर रोड के दोनों किनारे बने नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाकर सफाई का विशेष अभियान चलाया गया। मोहल्ले वासियों ने अतिक्रमण हटाकर नाली सफाई की मांग की थी जिस पर कार्रवाई की गई। सुबह 6 बजे से स्वच्छता के कर्मचारी मौके पर मौजूद होकर नाली सफाई के अभियान में जुट गए तथा दो जेसीबी और दो डंपर के माध्यम से नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई व्यवसायियों एवं रहवासियों ने स्वत: ही अतिक्रमण हटाकर सफाई कार्य में सहयोग किया।
बता दें कि बाढ़ आपदा प्रबंधन की बैठक में आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी ने बड़ी नालियों की सफाई के निर्देश निगम के अधिकारियों को दिए हैं। इसी तारतम्य में आज 50 से अधिक स्वच्छता कर्मचारियों द्वारा नाली सफाई का विशेष अभियान चलाया गया। प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र में विगत कई वर्षों से नाली के ऊपर अतिक्रमण कर लिया गया था जिससे नाली के बहाव में कमी आ गई थी और बारिश के दिनों में बरसाती पानी, नाली में न जाकर सड़क पर बहने लगती थी जिसके लिए अतिक्रमण हटाकर नाली सफाई का विशेष अभियान चलाया गया! बता दे कि यहां की नाली का पानी गौतम नगर, रमन मोहल्ला, कृष्णा नगर, संजय नगर एवं जी रोड के किनारे होते हुए कोसानाला में जाकर मिलता है।
100 से अधिक स्थलों से हटाया गया अतिक्रमण
निजामी चौक से लेकर राजीव नगर एवं लक्ष्मी नगर के मध्य पुल तक नाली के ऊपर सड़क के दोनों तरफ कब्जा किया गया था, क्षेत्र में 100 से अधिक अतिक्रमण को हटाकर, दो जेसीबी एवं दो डंपर के माध्यम से मलबा को हटाने का कार्य किया गया। कई लोगों ने तो 5 से 10 फीट अतिरिक्त रूप से दुकान बढ़ा कर रखा हुआ था, जिससे नाली सफाई में बाधा आ रही थी जिसे हटाया गया।
कई लोगों ने खुद ही हटाया कब्जा
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही होते देख कुछ व्यवसायियों एवं रहवासियों ने समझदारी दिखाते हुए स्वयं से कब्जा हटाना शुरू कर दिया। अतिक्रमण हटाने के पश्चात 15 डंपर मलबा को निकाला गया। बारिश का आगमन नजदीक आने पर मोहल्ले में जलभराव न हो इसके लिए सुबह 6 बजे से शाम 4.30 बजे तक नाली की सफाई विशेष रूप से की गई। इस दौरान जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली मौजूद रहे।




