नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामले 2 लाख की संख्या को पार कर गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना पॉजिटिव की संख्या अब तक के सबसे बडें आंकड़े तक पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 8,909 नए मामले सामने आए हैं और 217 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2,07,615 हो गई है, जिनमें से 1,01,497 सक्रिय मामले हैं, 1,00,303 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 5,815 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना के बढ़ते आंकड़ों के बीच राहत की खबर यह है कि रिकवरी रेट काफी बढ़ गया है। विशेषज्ञों की माने तो अन्य देशों की तूलना में भारत की स्थिति काफी बेहतर है। वहीं देश में सैंपल की जांच का दायरा भी काफी बढ़ा है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया कि देशभर में अब तक कुल 41,03,233 सैंपल टेस्ट हुए हैं, इनमें से 1,37,158 सैंपल का टेस्ट पिछले 24 घंटों में किया गया है।



