जम्मू (एजेंसी)। पुलवामा एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। इनमें से एक की पहचान अब्दुल रहमान उर्फ फौजी भाई के रूप में हुई है। वह जैश का आईईडी एक्सपर्ट था और पिछले दिनों पुलवामा में जिस कार बम की साजिश को नाकाम किया गया था, वह बम भी इसी ने तैयार किया था।
आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि अब्दुल रहमान पाकिस्तान के मुल्तान का रहने वाला था। वह दक्षिण कश्मीर में 2017 से सक्रिय था। दो अन्य आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलवामा के कंगन इलाके की घेराबंदी की और वहां तलाश अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि तलाश अभियान उस समय मुठभेड़ में बदल गया जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। इलाके की घेराबंदी करने के बाद आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाई।
सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। इनमें जैश का आईईडी एक्सपर्ट भी शामिल था। सुरक्षाबलों के लिए यह बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
पुलवामा मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को किया ढेर




