नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। बीते 24 घंटे में 35 हजार केस सामने आए हैं, जबकि 447 लोगों की मौत हुई है। यानी रविवार के मुकाबले चार हजार कम मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 35, 499 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 39,466 लोग स्वस्थ हुए हैं। देश में अब भी एक्टिव मरीजों की संख्या 4,02,188 है। बता दें कि रविवार को 39,070 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह आंकड़ा 5 अगस्त के बाद सबसे कम है।

एक्टिव केस देश में अब तक दर्ज किए गए कुल मामलों का 1.26 फीसदी है। वहीं, रिकवरी रेट भी बढ़कर अब 97.40 फीसदी तक पहुंच गई है। अभी तक देश में कोरोना से कुल 3 करोड़ 11 लाख 39 हजार 457 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.35 फीसदी पर है। राहत की बात यह है कि देश में कोरोना के नए मरीजों की तुलना में इससे ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 39 हजार 686 मरीज ठीक हुए हैं।




