नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना की तीसरी लहर के बीच जहां मंगलवार को सोमवार की तुलना में 1800 से कम कोरोना के मामले सामने आए हैं वहीं मृतकों की संख्या ने चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 25,404 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि 339 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 37,127 मरीज इस बीमारी को मात देकर घर लौट गए। कोरोना केस में आ रही गिरावट से हालात सामान्य हो रहे हैं। हालांकि केरल में कोरोना का आंकड़ा अब भी चिंता का सबब बना हुआ है।
कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अबतक कुल तीन करोड़ 32 लाख 89 हजार लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 4 लाख 43 हजार 213 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात ये है कि अबतक 3 करोड़ 24 लाख 84 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। भारत में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या फिलहाल 3,62,207 है।
टीकाकरण कवच बनकर आया सामने
कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण कवच बनकर सामने आ रहा है। टीका लेने वाले लोगों में कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका कम होती है। देश के छह राज्यों में कोरोना की पहली खुराक का वैक्सीनेशन अभियान 100 फीसदी पूरा कर लिया गया है। पिछले महीने हिमाचल प्रदेश को सबसे पहले यह कामयाबी मिली थी और अब इस सूची में पांच और राज्यों के नाम शामिल हो गए हैं। इन सभी छह राज्यों में कोरोना की पहली खुराक का 100 फीसदी टीकाकरण हो चुका है।
केरल से गोवा जाने पर रहना होगा 5 दिन क्वारंटीन
केरल में पिछले 24 घंटों के अंदर 15,058 नए कोरोना के मामले सामने आए थे। इस दौरान 28,439 कोरोना के मरीज ठीक हुए थे और 99 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई थी। खतरे को देखते हुए गोवा ने केरल से आने वाले यात्रियों के लिए पांच दिन का क्वारंटीन अनिवार्य कर दिया है। खासकर विद्यार्थियों और केरल से काम के मकसद से राज्य आ रहे लोगों के लिए।




