नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 27,071 मामले सामने आए हैं जो रविवार की तुलना में कम हैं। रविवर को 30,254 लोग कोरोना से संक्रमित हुए थे। इस तरह देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 98 लाख के पार हो गई है। वहीं, वायरस से उबरने वाले मरीजों की संख्या 93 लाख को पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 27,071 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं, इस तरह कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 98,84,100 हो गई है। वहीं, इस दौरान 336 लोगों की मौत हुई है। इस तरह अब तक कुल 1,43,355 लोगों ने वायरस से संक्रमित होकर जान गंवाई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में 30,695 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं। इस तरह देश में कोरोना वायरस से संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 93,88,159 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के सक्रिय मामले लगातार चार लाख से नीचे बने हुए हैं। वर्तमान में देश में कोरोना के सक्रिय मामले 3,52,586 हैं। देश में सक्रिय मामलों और संक्रमणमुक्त मरीजों के बीच का फासला अधिक है, जो इस बात संकेत है कि देश में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई सही दिशा में जारी है।
भारत में कोरोना: पिछले 24 घंटे में मिले 27071 नए मरीज…. 99 लाख के करीब पहुंची कुल संक्रमितों की संख्या




