नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी ने दुनियाभर में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए अपनी जन आक्रोश यात्रा को स्थगित करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बीजेपी ने राजस्थान में चल रही जन आक्रोश यात्रा को बंद करने का फैसला किया है। अरुण सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा ज्यादा जरूरी है न कि यात्रा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को भी इस बात का ख्याल रखना चाहिए। कम से कम कोविड के गाईडलाइन का पालन तो करना ही चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि भारत जोड़ो यात्रा को रद्द नहीं करते हैं तो इस दौरान भारत में भी कोरोना का विस्फोट हो जाए। और देश प्रदेश में फिर से लॉकडाउन लगाने पर मजबूर हो जाए। ऐसी स्थिति में फिर से देश की आर्थिक स्थिति बिगडऩे की हालात पैदा हो जाएंगे।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा निकाली थी जिसे अब रद्द कर दिया गया है। बीजेपी की इस यात्रा की शुरुआत पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक दिसंबर को शुरू की थी। इस यात्रा के तहत 75000 किलोमीटर की दूरी तय की जानी थी। बीजेपी ने यह तय किया था कि जन आक्रोश यात्रा के दौरान 2 करोड़ लोगों से संपर्क किया जाएगा और इस यात्रा के दौरान पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। बीजेपी ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर बीजेपी ने राजस्थान में अपनी जन आक्रोश यात्रा को रद्द कर दिया है।

अरुण सिंह ने कहा, ”बीजेपी के लिए पहले देश और जनता है, उसके बाद राजनीति है। हमारे लिए जनता की सिक्योरिटी और उनका हेल्थ पहले है।ÓÓ अरुण सिंह ने कांग्रेस पर भारत जोड़ो यात्रा के स्थगित नहीं किए जाने को लेकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए जनता के जीवन से खेल रही है। अरुण सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को फ्लॉप शो बताते हुए कहा कि ये सुबह-शाम की सैर के सिवा कुछ नहीं है। कांग्रेस को अपनी राजनीति के लिए लोगों के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।




