कोलकाता (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने लेफ्ट पार्टियों के साथ गठबंधन किया है। बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को ट्विटर पर यह ऐलान किया। पश्चिम बंगाल से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने ट्वीट किया, ‘आज कांग्रेस आलाकमान ने पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव में लेफ्ट पार्टियों के साथ चुनावी गठबंधन को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2021 के अप्रैल-मई के आसपास होने हैं। हालांकि, अभी तक चुनाव आयोग ने कोई भी तारीख का ऐलान नहीं किया है। आयोग ने अक्टूबर-नवंबर में बिहार चुनाव आयोजित कराने के बाद कहा था कि कोई भी चुनाव कोरोना की वजह से टलेंगे नहीं। चुनाव आयोग ने कहा था कि आने वाले सभी चुनाव समय पर ही कराए जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की कितनी सीटें?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के पास 222 सीटें हैं। वहीं, बीजेपी ने पिछले लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके बाद से ही राज्य में बीजेपी तेजी से उभरती हुई पार्टी दिखाई दे रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा तक, बीजेपी के कई अहम नेता चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में समय-समय पर जा रहे हैं।




