रायपुर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर छत्तीसगढ़ में जश्न का माहौल है। रायपुर के कांग्रेस भवन में कांग्रेसियों ने ढोल नगाड़े बजाए और जमकर जश्न मनाया। आतिशबाजी के साथ कांग्रेस नेताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम भूपेश बघेल ने भी कर्नाटक की जीत पर खुशी जताई और मिठाई बांटी।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कर्नाटक में हार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हार है। कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान बजरंग दल को बजरंग बली बना दिया। बगरंग बली तो बजरंग बली है उनका मुकाबला आम आदमी नहीं कर सकता है। बजरंगबली का गदा भ्रष्टाचारियों पर पड़ा है। यह नरेंद्र मोदी जी की हार है। सीएम भूपेश बघेल ने कर्नाटक जीत पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को भी बधाई दी है।
भिलाई में भी मनाया जश्न
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर भिलाई में भी जमकर कर जश्न मनाया गया। सुपेला घड़ी चौक पर भिलाई शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को बधाई दी।




