दुर्ग Durg. रायपुर से दुर्ग पहुंची एक यात्री बस में पुलिस ने एक दो नहीं पूरे 21 किलो सोना पकड़ा। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बस को रोका और जांच की तो पाया कि गांजे की तरह पैकिंग किए हुए 7 पैकेट में 21 किलो सोना है। पुलिस ने सोना जब्त कर उसकी जांच शुरू की तो पता चला कि यह पूरा सोना रायपुर के सर्राफा व्यापारियों का है। वैध दस्तावेजों की जांच के बाद सोना व्यापारियों को सौंपा गया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर क़रीब 3 बजे दुर्ग कोतवाली थाना में सूचना मिली की बस स्टैंड दुर्ग में 2 लोग नवीन ट्रैवेल्स की बस में बैग में सोना लेकर जा रहे हैं। बस के ड्राइवर ने उन्हें रोक कर चेक किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दुर्ग कोतवाली थाना पुलिस मौक़े पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों का बैग जब्त कर थाने पहुंची। जांच करने पर बैग में 7 पार्सल में सोना पाया गया।
सभी पार्सल गांजे की तस्करी की तरह से पैक किया हुआ था। 7 में दो पार्सल खुले पाए गए। कोतवाली पुलिस ने इसका वजन किया जो कुल 21किलो सोने के ज़ेवरात एवं कच्चा सोना पाया गया। जिसकी जांच कर दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि रायपुर एवं राजनांदगांव के विभिन्न सराफ़ा व्यापारियों का सोना होना बताया और काग़ज़ात के साथ सोने को मुंबई, सूरत, कोलकाता एवं जयपुर डिलीवरी करने जाने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने बताए गए बिल्स व दस्तावेजों का परीक्षण किया। वैध पाए जाने पर दोनों व्यक्तियों को सोना सौंपा गया। पता चला कि कुरियर बंद होने के कारण व्यापारी बस के माध्यम से सोना भेज रहे थे। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने इस तरह के ट्रेवलिंग को लेकर व्यापारियों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि कभी इतनी बड़ी मात्रा में सोना बस के द्वारा न भेंजे अन्यथा कोई बड़ी घटना घट सकती है। इतना सोना एक साथ देखकर किसी की भी नीयत डोल सकती है। व्यापारियों को इस तरह की ट्रांसपोर्टिंग से बचने की सलाह दी है।




