दुर्ग। सेक्टर 9 हास्पिटल सेक्टर में आगजनी से प्रभावित परिवारों से मिलने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा पहुंचे। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा हर संभव मदद परिवारों को की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन द्वारा नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है और नियमानुसार मदद परिवारों को दी जाएगी। पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित सुविधाओं के लिए भी कार्य किया जाएगा। राशन आदि की तात्कालिक व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

बता दें सेक्टर-9 की बस्ती में शुक्रवार तड़के सिलेंडर फटने से आगजनी हुई। इस अग्निकांड से 25 परिवारों के 71 लोग प्रभावित हुए हैं। कलेक्टर पुष्पेन्द्र मीणा ने परिवारजनों से चर्चा के बाद बताया कि बच्चों की अभी परीक्षाएं हैं और उनकी पाठ्यसामग्री जल गई है। जिला शिक्षा अधिकारी को इसकी व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। जल्द ही बच्चों तक पाठ्यसामग्री पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। आग्निकांड से नागरिकों के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गये हैं इसे बनाने के लिए कैंप भी लगाया जाएगा। फिलहाल प्रभावित लोगों को सेक्टर 9 स्कूल में ठहराया गया है। निरीक्षण के दौरान भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास भी मौजूद रहे।




