रोहतास। दो दिन से लापता बच्चा निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पिलर पर स्लैब के बीच फंस गया है। उसे सकुशल निकालने एसडीआरएफ की टीम कवायद कर रही है। यह फ्लाईओवर सोन नदी के ऊपर बन रहा है। नसरीगंज-दाऊदनगर पुल के इस पुल एक नंबर पिलर और स्लैब के बीच फंसे 11 वर्षीय बच्चे को बीते 24 घंटे से निकालने का प्रयास किया जा रहा है इसके बाद भी नहीं निकाला जा सका है। गैप से बच्चे का हाथ दिख रहा है और रुक-रुक कर रोने की आवाज भी सुनाई दे रही है।

बुधवार के शाम से शुरू हुआ बचाव कार्य से बच्चे को नहीं निकाला जा सका है। गुरुवार सुबह फिर से बच्चे को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है। एसडीआरएफ की टीम ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मौके पर पहुंची है। पुल को ऊपर से तोड़कर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस घटना के बाद नासरीगंज इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
दरअसल 11 वर्षीय बच्चा खिरिआवं गांव निवासी शत्रुध्न प्रसाद उर्फ भोला का पुत्र रंजन कुमार है। वह पिछले दो दिन से लापता था। बच्चा मानसिक रूप से कमजोर है। परिजन लगातार इधर-उधर उसकी तलाश कर रहे थे। इस बीच रास्ते से गुजर रही एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुन लोगों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रस्सी और सीढ़ी के सहारे बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन वेलोग असफल रहे। जिंदगी और मौत से लड़ रहे बच्चे को बचाने अब एसडीआरएफ व प्रशासन की टीम प्रयास कर रही है।




