भिलाई। नगर निगम भिलाई की महापौर परिषद् के सदस्य व स्वास्थ्य एवं स्व्च्छता प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट को अभूतपूर्व बजट कहा है। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी के हितों का ध्यान रखते हुए एक भरोसे का बजट प्रस्तुत किया। स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा, पर्यटन, परिवहन, विकास सहित अन्य क्षेत्रों के लिए कई योजनाएं और करोड़ों के व्यय का प्रावधान किया है। इससे आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की समृद्ध पहचान और भी मजबूत हो जाएगी।
लक्ष्मीपति राजू ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बजट की महत्वपूर्ण बातों का जिक्र करते हुए कहा कि सभी क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं की है जो छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। प्रदेश के नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा के साथ ही रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इस बजट में मुख्यमंत्री ने चिकित्या के क्षेत्र को मजबूत करने वाली कई घोषणाएं की हैं जो स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लाएंगे।
लक्ष्मीपति राजू ने कहा शिक्षा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई अहम घोषणाएं की हैं। लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि छत्तीसगढ़ के छात्रों को अच्छी शिक्षा देने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की स्थापना की है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित हैं। इस बजट में छत्तीसगढ़ में 101 नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने की घोषणा की गई है जो कि शिक्षा के क्षेत्र को मजबूती देगा।
लक्ष्मीपति राजू ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने बजट में नवा रायपुर से दुर्ग तक लाइट मेट्रो की घोषणा की है जो सराहनीय है। नगरीय निकायों की आय बढ़ाने के लिए भी सरकार ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। इसके अलावा राज्य में सड़कों का जाल बिछाने के लिए भी करोड़ों की राशि का प्रावधान किया गया है। सड़कों से लेकर फ्लाईओवर के निर्माण के लिए भी करोड़ों का प्रावधान किया गया है। आने वाले समय में रोड कनेक्टिविटी बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ का विकास नए आयाम तय करेगा।



