रायपुर। राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर छत्तीसगढ़ की उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का डंका बजा है। महासमुंद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बागबाहरा को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिये केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के द्वारा “राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र” प्रदान किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बागबाहरा ने विभिन्न मानकों में 100 में से 85.1 अंक प्राप्त किये। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जांजगिरी व बस्तर को भी क्वालिटी सर्टिफिकेट दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वास्थ्य विभाग को इस उपलब्घि के लिए बधाई दी है।






