नई दिल्ली (एजेंसी)। देश कोरोना वायरस बढ़ते प्रकोप के बीच सोमवार को कोरोना संक्रमण के मामलों और कोविड से होने वाली मौतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। देश में बीते 24 घंटे में 3 लाख 66 हजार 161 नए कोरोना मरीज मिले हैं। पिछले चार दिनों से लगातार हर रोज 4 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिल रहे थे इस लिहाल से सोमवार के आंकड़े राहत देने वाले हैं। इस बीच 3,754 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं रिकवरी रेट ने देश को राहत दी है। पिछले 24 घंटों में 3,53,818 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। रोजाना मिल नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है। इसके बाद भी रिकार्ड स्तर पर रिकवरी हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक नए संक्रमित मिलने के बाद देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,26,62,575 पहुंच गई है। वहीं देश में कोविड से मरने वालों की संख्या 2,46,116 पहुंच गई। स्वस्थ्य हुए मरीजों की संख्या पर गौर करें तो देश में अब तक 1,86,71,222 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 37,45,237 पहुंच गए हैं। इधर देश में टीकाकरण अभियान भी जोरो पर है। देश में अब तक 17,01,76,603 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। इसमें 18 साल से ऊपर के लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है।
महाराष्ट्र में 5 अप्रैल के बाद पहली बार 50 हजार से कम केस
महाराष्ट्र में 5 अप्रैल के बाद पहली बार ऐसा हुआ, जब एक दिन में 50,000 से कम नए मामले सामने आये। यहां बीते 24 घंटों में कोविड-19 के 48,401 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 51,01,737 हो गई। वहीं 572 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो जाने से राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 75,849 हो गई। इधर बीते 24 घंटों में कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 47,930 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में महामारी के अब तक सामने आए मामलों की कुल संख्या 19.34 लाख हो गई है। वहीं, महामारी से राज्य में 490 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 18,776 हो गई है।





