भिलाई। हाथरस दुष्कर्म मामले में पीडि़ता के शव का आधीरात अंतिम संस्कार किए जाने से पुलिस सवालों के घेरे में है। बिना परिवार की रजामंदी के अंतिम संस्कार करने को लेकर चौतरफा विरोध हो रहा है। परिवार व गांव वाले इसके लिए पुलिस व प्रशासन को दोषी मान रहे हैं। इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई की अध्यक्ष श्रीमती तुलसी साहू ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि यह तो निर्दयता की हद है।
श्रीमती तुलसी साहू ने कहा है कि यूपी में रावणराज चल रहा है। एक मासूम का बर्बरता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जाता है और 15 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद पीडिता की मौत हो जाती है। श्रीमती तुलसी साहू ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर हथरस पुलिस को ऐसी क्या जल्दी थी कि आधी रात को ही पीडि़ता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आखिर पुलिस क्या छिपाना चाह रही है? श्रीमती तुलसी साहू ने पीएम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यदि पीएम रिपोर्ट सही है तो पुलिस ने आधी रात को बिना परिवार की रजाबंदी के आखिर अंतिम संस्कार क्यों किया। हथरस पुलिस का यह कार्य कई तरह के संदेह पैदा कर रहा है। श्रीमती साहू ने कहा कि इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली की न्यायिक जांच होनी चाहिए और दोषियों को फांसी पर लटकाया जाना चाहिए।




