कोरबा। यहां के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में एक शख्स ने अपने बच्चों के सामने अपनी पत्नी की टंगिया मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद रिश्तेदारों व पुलिस को भी खुद ही बताया। आंखों के सामने मां को मरता देख बच्चे भी सदमें में है। घटना की सूचना के बाद सीएसईबी चौकी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार नर्सरी पारा कोहडिया निवासी योगेंद्र श्रीवास अपनी पत्नी मंजीता श्रीवास और दो बच्चों साथ रहता है। योगेंद्र यहां के एक प्राइवेट अस्पताल में कंपाउंडर का काम करता है। घर पर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार रात को भी दोनों के बीच विवाद होने लगा। इस दौरान उसके दोनों बच्चे भी मौके पर मौजूद रहे। विवाद इतना बढ़ा कि योगेन्द्र ने आपा खो दिया और बच्चों के सामने ही पत्नी मंजीता पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
इससे मंजीता लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों बच्चे काफी सहम गए। इधर हत्या के बाद योगेन्द्र ने पुलिस व रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि मैंने अपनी पत्नी को मार दिया है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी योगेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। बच्चों को रिश्तेदारों को सौंपा गया है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।




